वर्षभर के सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाले अधिकारी, कर्मचारी व वालंटियर्स हुए सम्मानित
अनपरा, सोनभद्र। दिशिता महिला मंडल रेनुसागर द्वारा वर्षभर सामाजिक उत्थान के कार्यों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वालंटियर्स के सम्मान में शुक्रवार को भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंडल के कार्यालय परिसर स्थित सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन सचिव तूलिका श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने वर्षभर संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता व महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रमों में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों का स्वागत व सम्मान किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भरता ही व्यक्ति और समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। जब व्यक्ति अपने कौशल, मेहनत और संसाधनों के बल पर आगे बढ़ता है, तभी वह सशक्त और सम्मानजनक जीवन जी सकता है। महिला मंडल द्वारा किए जा रहे कार्य न केवल जरूरतमंदों को सहयोग दे रहे हैं, बल्कि समाज को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाजहित में सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्याएं रीना जैन, मेनका अरोरा, रीना पात्रा, रीतू हर्षवर्धन, ऋतु दवे, करबी दास मिश्रा, सविता चौबे तथा हिंडालको रेनुसागर के अधिकारी शशिकांत दुबे, संजीव श्रीवास्तव, सदानंद पांडेय, संतोष श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव, बलवंत सिंह सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।






