O: भारतीय किसान संघ ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
सोनभद्र। भारतीय किसान संघ उत्तर प्रदेश ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डीएम नामित ज्ञापन संबंधित अधिकारी को देकर आवाज़ बुलंद की। भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष रामबहादुर सिंह ने बताया कि रेलवे लाइन के दोहरीकरण में किसानों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है, परंतु कार्य हेतु अंतिम तिथि निर्धारित नहीं है। राबर्ट्सगंज तहसील के ग्राम पंचायत पकरी के किसानों द्वारा आपत्ति की जा रही है कि दोहरीकरण में राजस्व लेखपाल के नापी किए बगैर किसानों की जमीन में रेलवे द्वारा कार्य किया जा रहा है। जिला अध्यक्ष रामबहादुर सिंह ने कहा कि किसानों की जमीन की सीमा का चिन्हांकन नहीं किया गया है, जिससे किसानों में नाराजगी है। उन्होंने मांग की कि राजस्व लेखपाल से किसानों की जमीन का भौतिक सत्यापन कराने के बाद ही कार्य एवं मुआवजा तय किया जाए। उन्होंने किसान हित को दृष्टिगत रखते हुए राजस्व लेखपाल को निर्देशित कर जमीन की नापी (भौतिक सत्यापन) कराने की मांग की, जिससे किसानों को उचित मुआवजा मिल सके एवं रेलवे को दोहरीकरण हेतु भूमि उपलब्ध हो सके। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष प्रभुपाल सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह, श्रीकान्त यादव, राजू आदि उपस्थित रहे।






