O विरोध प्रदर्शन कर बजरंग दल ने राष्ट्रपति नामित ज्ञापन सौंपा
सोनभद्र। शुक्रवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय स्थित बड़ौली चौराहे पर विरोध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति नामित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देश में बढ़ती ‘विकृत जिहादी मानसिकता’, अवैध कब्जों और सुनियोजित षड्यंत्रों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व बजरंग दल के जिला अध्यक्ष विद्या शंकर पांडे ने किया। उन्होंने कहा कि बजरंग दल इस ज्ञापन के माध्यम से देश में व्याप्त गंभीर चुनौतियों और समाज विरोधी गतिविधियों की ओर ध्यान आकर्षित करना चाहता है। ज्ञापन में कहा गया कि देश के सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने वाली ‘विकृत जिहादी मानसिकता’ वर्तमान में राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा और सद्भाव के लिए बड़ा खतरा बन गई है।
ज्ञापन के मुख्य बिंदु:
जिला अध्यक्ष विद्या शंकर पांडे ने बताया कि ‘लव जिहाद’ का जाल अब सुशिक्षित समाज और व्यावसायिक क्षेत्रों तक फैल चुका है। ज्ञापन में नासिक टीसीएस के आसपास उजागर हुए प्रकरणों का उल्लेख किया गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अमरावती में मोहम्मद अयाज नाम के व्यक्ति द्वारा नाबालिग हिन्दू कन्याओं के शोषण और ब्लैकमेल का गंभीर मामला सामने आया है। संगठन का दावा है कि देश भर में हिन्दू कन्याओं के शारीरिक शोषण और जबरन धर्मांतरण की घटनाएं हो रही हैं।
बजरंग दल ने ‘लैंड जिहाद’ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश के विभिन्न नगरों में वन भूमि, सार्वजनिक भूमि, रेल विभाग एवं सेना की सुरक्षित भूमि पर सुनियोजित तरीके से अवैध कब्जे किए जा रहे हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा को चुनौती है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि समाज में वैमनस्य फैलाने के उद्देश्य से खान-पान की वस्तुओं को अपवित्र करने की घटनाएँ सामने आ रही हैं। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में अल्पसंख्यक हिंदू परिवारों और जनजाति समाज की अवयस्क बालिकाओं का शारीरिक व मानसिक शोषण कर उन्हें पलायन के लिए विवश किया जा रहा है।
संगठन की प्रमुख मांगें:
- राष्ट्र विरोधी और आपराधिक मानसिकता वाले तत्वों को चिह्नित कर त्वरित एवं कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
- सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर हुए सभी अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए।
- ‘लव जिहाद’ और जबरन धर्मांतरण रोकने हेतु कठोर केंद्रीय कानून लागू किया जाए।
- जनजातीय क्षेत्रों में हो रहे शोषण को रोकने हेतु विशेष सुरक्षा तंत्र विकसित किया जाए।
जिला अध्यक्ष विद्या शंकर पांडे ने कहा कि बजरंग दल राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन को असामाजिक तत्वों पर नकेल कसनी चाहिए ताकि देश में शांति और सद्भाव बना रहे।
इस मौके पर प्रांत उपाध्यक्ष जनार्दन जी, नरेंद्र कुमार, हरिशंकर वर्मा, संतोष पांडे, देवानंद, रजत भाटिया, कमलेश दुबे, वीरेंद्र तिवारी, अजय सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






