वीरेंद्र कुमार
O- मां काली मंदिर में गूंजे भजन, श्रीराम कथा से भक्तों को मिला आध्यात्मिक संदेश
विन्ढमगंज (सोनभद्र)। चैत नवरात्रि के शुभ अवसर पर सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैयाडीह गांव में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।


ग्राम पंचायत सलैयाडीह स्थित मां काली मंदिर में नवरात्रि के प्रथम दिन से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शाम होते ही सैकड़ों की संख्या में महिलाएं एकत्रित होकर भक्ति गीतों के माध्यम से मां भगवती की आराधना में लीन हो गईं। पूरा क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर नजर आया।
वहीं अयोध्या से जुड़े दिगंबर अखाड़ा के श्री राम जानकी मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कथा का आयोजन किया गया। बुंदेलखंड-चित्रकूट से आई कथा वाचिका निशि जी ने भगवान श्रीराम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कलयुग में “राम” नाम ही मनुष्य के उद्धार का सबसे सरल मार्ग है।
उन्होंने बताया कि “राम” नाम का उच्चारण न केवल पापों का नाश करता है, बल्कि मन को शुद्ध कर जीवन को मोक्ष की ओर ले जाता है। कथा के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर प्रभु श्रीराम की लीलाओं का श्रवण करते रहे।
कार्यक्रम के अंत में मां काली मंदिर और श्री राम जानकी मंदिर में प्रसाद के रूप में फलाहार का वितरण किया गया। पूरे क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से भक्ति गीतों और कथा का प्रसारण होता रहा, जिससे माहौल पूरी तरह धार्मिक और आध्यात्मिक बना रहा।
देशभर में मनाए जा रहे चैत्र नवरात्रि के दौरान यह दृश्य दर्शाता है कि भारतीय समाज में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराएं आज भी उतनी ही मजबूत हैं।






