पटवध–बसुहारी मार्ग निर्माण की मांग तेज, स्वास्थ्य व मोबाइल नेटवर्क को लेकर सरकार पर तीखा हमला

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- ग्रामीण उपेक्षा पर बड़ा सवाल: सड़क, स्वास्थ्य और संचार को लेकर आंदोलन की चेतावनी

सोनभद्र । विधानसभा क्षेत्र 401 के तरिया इलाके से बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर असंतोष सामने आया है। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा द्वारा ग्राम पंचायत चकरिया में आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं ने शासन–प्रशासन की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े कर दिए। मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने जनसंवाद के दौरान ग्रामीण परिवारों की पीड़ा सुनी और इसके बाद सरकार की कथित उदासीनता पर कड़ा प्रहार किया।

जन चौपाल में तीन प्रमुख मांगों को लेकर आवाज बुलंद की गई,

  1. पटवध से पोखरिया–बसुहारी मार्ग का शीघ्र निर्माण,
  2. बरहमोरी में 50 बेड का स्वास्थ्य केंद्र तत्काल स्थापित किया जाए,
  3. पूरे तरिया क्षेत्र में मोबाइल टावर लगाकर संचार व्यवस्था दुरुस्त की जाए।

संदीप मिश्र ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि इन मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो मोर्चा व्यापक जन आंदोलन के लिए मजबूर होगा। उन्होंने व्यवस्था का गुणगान करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि “जो लोग स्वर्णिम काल की बात करते हैं, वे दस दिन तरिया क्षेत्र में रहकर अपने परिवार की पढ़ाई और दवाई कराकर दिखाएं।” उन्होंने कहा कि संवेदनहीन नीतियों के कारण ही ग्रामीण परिवार आज भी सड़क, इलाज और नेटवर्क जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

कार्यक्रम में मनोज निषाद, जयश्री निषाद, गिरधारी निषाद, राजू निषाद, विजय, कमलेश निषाद सहित सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि यह मुद्दा केवल स्थानीय नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की राष्ट्रीय पीड़ा का प्रतीक बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?