अभिषेक अग्रहरी
O- प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
ओबरा (सोनभद्र) । रंगों के पर्व होली के अवसर पर जनपद सोनभद्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय दिखाई दिया। प्रदेश सरकार द्वारा त्योहार के दौरान सतर्कता बरतने के जारी निर्देशों के क्रम में जनपद के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा स्वयं ओबरा नगर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करते नजर आए।

होली के दिन पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित सिंह तथा थाना प्रभारी सदानंद राय के साथ पुलिस बल की मौजूदगी में नगर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का पैदल भ्रमण किया। यह भ्रमण हनुमान मंदिर क्षेत्र से प्रारम्भ होकर मुख्य बाजार, विभिन्न चौराहों तथा सिनेमा रोड होते हुए पुराने थाना क्षेत्र तक किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नगर के प्रमुख स्थानों पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया तथा ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नगर भ्रमण के दौरान प्रशासन की उपस्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई दी। प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में व्यवस्था सामान्य बनी रही। अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील भी की।
प्रदेश स्तर पर जारी निर्देशों के अनुरूप पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी गई। नगर के विभिन्न मार्गों पर पुलिस की सक्रियता से यह संकेत मिला कि त्योहार के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सतर्क है।
होली के अवसर पर ओबरा नगर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर प्रशासनिक व्यवस्था व्यवस्थित दिखाई दी, वहीं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी ने आमजन में सुरक्षा का विश्वास भी बनाए रखा।






