नवीन कुमार
कोन (सोनभद्र) । बिजली विभाग द्वारा संचालित एकमुश्त समाधान योजना के अंतिम चरण को लेकर विभाग ने क्षेत्र में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। गांव-गांव में विशेष कैंप लगाकर उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। इसी क्रम में मंगलवार को कोन सब स्टेशन पर पिपरी उपखंड के उपखंड अधिकारी धीरेन्द्र प्रताप कौशल पहुंचे और उपभोक्ताओं से सीधा संवाद किया।
वार्ता के दौरान उपखंड अधिकारी धीरेन्द्र प्रताप कौशल ने बताया कि एकमुश्त समाधान योजना का तीसरा एवं अंतिम चरण शीघ्र ही समाप्त होने वाला है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अब तक योजना का लाभ नहीं लिया है, वे जल्द से जल्द पंजीकरण कराकर छूट का फायदा उठाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम चरण में पंजीकरण कराने पर उपभोक्ताओं को मूलधन में 15 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जा रही है, जो एक सुनहरा अवसर है।
उन्होंने कहा कि विभाग की मंशा है कि बकाया बिलों के कारण किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो। इसी उद्देश्य से प्रथम और द्वितीय चरण में भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराकर बकाया राशि जमा की और योजना का लाभ उठाया। इससे उपखंड की राजस्व प्रगति भी संतोषजनक रही है।
उपखंड अधिकारी के निर्देशन में कैंपों के माध्यम से उपभोक्ताओं की बिल संबंधी समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया जा रहा है। मीटर रीडिंग, गलत बिल, सरचार्ज आदि से संबंधित शिकायतों का निस्तारण कर उपभोक्ताओं को राहत दी गई। उन्होंने कहा कि विभाग पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और उपभोक्ताओं की सुविधा सर्वोपरि है।
अधिकारियों ने अपील की कि अंतिम चरण की समय-सीमा समाप्त होने से पूर्व अधिक से अधिक उपभोक्ता पंजीकरण कर योजना का लाभ लें, जिससे अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके और बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बनी रहे।इस मौके पर मुख्य रूप से गौतम यादव, सुनील शर्मा, नारद जायसवाल, दिलीप कुमार, रविंद्र कुमार आदि दर्जनों लोग उपस्थित रहे






