O जिला अस्पताल चौकी पर थी ड्यूटी चाय पीने को निकले हुई दुर्घटना
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान रामसूरत यादव 55 वर्षीय के रूप में हुई है, जो रायपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोटी बांध के निवासी थे और उनकी ड्यूटी लोढ़ी चौकी पर लगी थी। बताया जा रहा है कि शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। वहीं घटना को लेकर जानकारी देते हुए सपा के पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने बताया कि मृतक रामसूरत यादव पूर्व में बीडीसी भी रह चुके हैं इसके बाद वह होमगार्ड की नौकरी करते थे। आज जिला अस्पताल चौकी पर उनकी तैनाती थी इस दौरान चाय पीने के लिए सड़क पार कर रहे थे कि तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि घटना संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र की जिला अस्पताल में जो पुलिस चौकी है वहां पर तैनात होमगार्ड राम सूरत यादव जो गोटीबांध थाना रायपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने इनको टक्कर मार दी जिससे कि इनकी मृत्यु हो गई। ट्रक की तलाश सीसीटीवी कैमरे से की जा रही और शव को पंचनामा के बाद आगे की कार्रवाई जारी है।






