अमित मिश्रा
O- पंडित विद्याधर इंटर कॉलेज, कबाड़ी ताराम में अनुशासन और आत्मविश्वास का संदेश
सोनभद्र। जनपद के पंडित विद्याधर इंटर कॉलेज, कबाड़ी ताराम में बुधवार से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं गरिमामय वातावरण में प्रारंभ हुईं। परीक्षा के पहले दिन छात्र-छात्राओं का विद्यालय परिसर में प्रवेश के समय पारंपरिक रूप से माथे पर तिलक लगाकर स्वागत किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
विद्यालय प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। सभी परीक्षार्थियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे अपने पास कोई भी अनावश्यक या प्रतिबंधित सामग्री न रखें। अवैध सामग्री पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश चतुर्वेदी ने सभी शिक्षकों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कठोरता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास और सकारात्मक मनोभाव के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश करें तथा वर्ष भर के अथक परिश्रम को उत्कृष्ट परिणाम में परिवर्तित करें।
परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी परीक्षा नियंत्रक श्रवण पांडे के नेतृत्व में संपन्न हुई। ड्यूटी में सगीर खान, राजू विश्वकर्मा, पूजा सिंह, पूजा पांडे, निधि सिंह, श्वेता सिंह, चंद्रभान पांडे, अमिताभ चौहान, संदीप चौहान, नंदकिशोर भारती सहित अन्य विद्यालयों के अध्यापक-अध्यापिकाएं भी तैनात रहे।
विद्यालय परिसर में अनुशासन, पारदर्शिता और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। प्रशासन की सतर्कता और शिक्षकों की सक्रिय भूमिका के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से प्रारंभ हुई।






