धार्मिक स्थल पर आपत्तिजनक कृत्य से तनाव, गांव छावनी में तब्दील

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

संवाददाता – अमित मिश्रा

करमा (सोनभद्र / उत्तर प्रदेश)। जिले में धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। सोनभद्र जनपद के करमा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहेरा गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में कथित रूप से दूसरे समुदाय के कुछ किशोरों द्वारा आपत्तिजनक कृत्य और नारेबाजी किए जाने का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में तनाव फैल गया, जिसके बाद प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की।

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, रविवार सुबह मंदिर परिसर में चार से पांच किशोरों द्वारा अमर्यादित व्यवहार किए जाने की बात सामने आई। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठनों से जुड़े लोग मौके पर एकत्र हो गए और आरोपियों के विरुद्ध त्वरित व सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन किशोरों को हिरासत में लिया है। मौके पर मौजूद अनिल कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों आरोपी नाबालिग हैं और मामले में कुल पांच लोगों की संलिप्तता बताई जा रही है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। नाबालिगों के विरुद्ध विधिक प्रक्रिया किशोर न्याय अधिनियम के तहत अपनाई जा रही है।

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मंदिर परिसर और पूरे गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। मौके पर प्रशासनिक अमले के साथ रोहित यादव, राहुल पांडेय, तहसीलदार अमित कुमार सिंह सहित पुलिस व राजस्व विभाग की टीमें पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।

ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि यह शिव मंदिर दशकों पुराना आस्था का केंद्र है। पूर्व में मंदिर तालाब के पास स्थित था, लेकिन कथित अनैतिक गतिविधियों के कारण ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से आबादी के बीच नया मंदिर बनवाया। उन्होंने तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण का भी आरोप लगाया।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तालाब की नपाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। राजस्व टीम के पहुंचते ही कई लोगों द्वारा स्वयं कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। मौके पर मशीनरी भी तैनात की गई है और आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?