O पुलिस ने ट्रेन रुकवाकर बचाई युवक की जान
सोनभद्र। शक्तिनगर में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक अनमोल जीवन को बचाया। सोमवार को दोपहर 1:55 बजे शक्तिनगर पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक आत्महत्या की नीयत से रेलवे पटरी पर लेटा हुआ है। सूचना मिलते ही शक्तिनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डायल-112 पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर आ रही ट्रेन को दूर से रुकवाया और युवक को सुरक्षित रेलवे पटरी से हटाकर उसकी जान बचाई। युवक को सकुशल थाना लाकर उसके परिजनों को बुलाया गया, जहां पुलिस द्वारा मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया। शक्तिनगर पुलिस की इस त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। इस सराहनीय कार्य पर युवक के परिजनों ने शक्तिनगर पुलिस की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। जान बचाने वाली पुलिस टीम में कमल नयन दूबे, थानाध्यक्ष, थाना शक्तिनगर, कां0 अक्षय यादव, हे0कां0 राजेश कुमार सरोज, और हो0गा0चा0 नागेन्द्र नाथ चौबे शामिल थे।







