सोनभद्र।– शनिवार देर शाम को थाना शाहगंज परिसर में सहायक नोडल क्षेत्राधिकारी मिशन शक्ति डॉ. चारु द्विवेदी ने घोरावल सर्कल के थाना घोरावल, शाहगंज एवं करमा के थाना प्रभारियों तथा मिशन शक्ति केंद्र प्रभारियों व स्टाफ की एक कार्यशाला आयोजित की।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाना तथा महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित व संवेदनशील कार्यवाही सुनिश्चित करना था। डॉ. चारु द्विवेदी ने इस अवसर पर कहा कि महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम में पुलिस और सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय को मजबूत किया जाना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं के शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनने, पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान करने और केस की जांच में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा‑निर्देश जारी किए।
कार्यशाला में उपस्थित थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष पिकेट, गश्त और जागरूकता कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। साथ ही, मिशन शक्ति केंद्रों के स्टाफ ने महिलाओं के लिए उपलब्ध परामर्श व कानूनी सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी साझा की।
डॉ. द्विवेदी ने सभी को निर्देश दिया कि वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्कूल‑कॉलेज और स्वयंसेवी संगठनों के साथ मिलकर जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों ने इस पहल को सफल बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया और भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की। घोरावल थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव, शमशेर यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहें।







