अखिलेश सिंह
O- रामगढ़ में परिषदीय विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आगाज
रामगढ़ (सोनभद्र) । विकास खंड चतरा के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की बहुप्रतीक्षित खेलकूद प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को शाहजादा साहब उदय प्रताप सिंह इंटर कॉलेज, रामगढ़ परिसर में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई।

मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल से न केवल शारीरिक बल बढ़ता है बल्कि मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने कहा, “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है।”
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शाहजादा साहब उदय प्रताप सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक कृष्ण प्रताप सिंह और खंड विकास अधिकारी चतरा रूपेश मंडल मौजूद रहे। कार्यक्रम के संयोजक खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और बैज अलंकरण देकर किया।

प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने कबड्डी, दौड़, लम्बी कूद, रस्साकशी, गोला फेंक जैसे विभिन्न खेलों में दमखम दिखाया। बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिताओं में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विजेता खिलाड़ियों का चयन अब जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से गौरीशंकर सिंह, जनार्दन त्रिपाठी (जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ अध्यक्ष), इंद्रदेव पांडे, विनोद कुमार चौबे, एआरपी संतोष देव पांडेय, रामनारायण पांडेय, अनुपम दुबे, सुजीत कुमार, आनंद देव पांडेय, रामदास जायसवाल, अजीत कुमार सिंह, दुर्गा शंकर मिश्रा, गिरीश द्विवेदी, मनोज कुमार, हेमेंद्र चतुर्वेदी, जयश्री विश्वकर्मा, सुमन शर्मा, और सुरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी गईं और बच्चों को आगे भी इसी तरह खेल व शिक्षा में संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।







