चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील के देवखत गांव में खेत में चारा काट रही महिला को जहरीले सांप ने काट लिया। सर्पदंश के बाद महिला मंशा अचेत होकर खेत में गिर गईं।
काफी देर तक घर न लौटने पर पति रामप्रसाद खेत पहुंचा तो पत्नी को मूर्छित देख घबरा गया। ग्रामीणों ने झाड़-फूंक कराने की सलाह दी, लेकिन रामप्रसाद ने समझदारी दिखाते हुए 108 एंबुलेंस बुलाकर पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया।
डॉक्टर चंद्र कुमार ने महिला को एंटी स्नेक वेनम का इंजेक्शन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे में उनकी हालत सुधर गई। डॉक्टरों ने कहा कि समय पर अस्पताल पहुंचाने से उनकी जान बच सकी।
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में लोग झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें, ताकि जान का खतरा टाला जा सके।







