चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के लौवारी मोड़ के समीप शनिवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। परासिया निवासी शिव गोविंद पुत्र तेज़बली उम्र 30 वर्ष जो अपने साथी कैलेश के साथ बाइक से चकिया जा रहा था। तभी अचानक सड़क पर भैंस आ गई, और जोरदार टक्कर हो गई। दोनों सड़क किनारे गिर पड़े, जिसमें शिव गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया।

कैलेश ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह अचेत पड़ा रहा। नेटवर्क न होने के कारण मदद के लिए फोन करने में समय लगा। किसी तरह कैलेश ने अपने पिता संजय को सूचना दी। सूचना पर संजय ने तत्काल 108 एंबुलेंस को फोन कर बुलाया। एंबुलेंस से नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर चंद्र कुमार ने शिव गोविंद को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही मृतक के माता-पिता और पत्नी अस्पताल पहुंचे। मौत की खबर सुनते ही सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शिव गोविंद की 5 वर्षीय बेटी रीवा है वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा भाई था।

घटना की जानकारी मिलते ही चंद्रप्रभा चौकी के उप निरीक्षक लक्ष्मण कुमार कश्यप और अभय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।







