नौगढ़ में यूनिफॉर्म सिलवाने निकले पिता-पुत्र की बाइक-साइकल से टकराई, एक ट्रामा सेंटर रेफर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील अंतर्गत शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब यूनिफॉर्म सिलवाने निकले पिता-पुत्र की बाइक और एक साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मरवटिया गांव निवासी जगदंबा अपने 10 वर्षीय बेटे सूरज को लेकर नौगढ़ कस्बा बाजार जा रहे थे, तभी मरवटिया–झुमरिया मोड़ पर सामने से आ रहे झुमरिया गांव के निवासी चंद्रकेश की साइकिल से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक और साइकिल दोनों उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और तीनों लोग बेहोश हो गए।

घटना के वक्त सड़क लगभग सुनसान थी, लेकिन कुछ समय बाद गुजर रहे राहगीरों ने हादसे को देखा और तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
डॉ. नागेंद्र सिंह की देखरेख में घायलों का प्राथमिक इलाज किया गया।

डॉक्टरों ने बताया कि घायल जगदंबा की हालत गंभीर है, जिसे देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं उनका बेटा सूरज और साइकिल सवार चंद्रकेश को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?