अमित मिश्रा
रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र) । श्रावण मास के पवित्र शनिवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में भक्तिमय वातावरण रहा। मंदिर में भगवान हनुमान का विशेष फलों व फूलों से श्रृंगार किया गया, जिसके बाद मंगला आरती का आयोजन हुआ।
मंदिर के प्रधान पुजारी राजकुमार पांडे ने बताया कि “श्रावण मास भगवान शिव को समर्पित है, जबकि शनिवार का दिन हनुमान जी की उपासना के लिए विशेष माना जाता है। इस दिन सिंदूर, चमेली का तेल और विभिन्न फल चढ़ाने से हनुमान जी प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं।”
इस अवसर पर मानस भजन समिति द्वारा सुंदरकाण्ड का पाठ किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय भजनों से गूंज उठा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंदिर व्यवस्थापक डूंगरमल अग्रवाल, शिवा पांडे, सचिन जयसवाल, गया प्रसाद, संतोष कुमार सिंह, दिनेश शुक्ला, सतेंद्र पाठक, संतोष चौबे, आत्माराम पांडे, दादे चौबे, अभिषेक पांडे और देवानंद सोनी सहित अनेक भक्त उपस्थित रहे।
भक्तों ने बताया कि श्रावण मास में हनुमान जी की विशेष पूजा करने से शनि दोष से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-शांति बनी रहती है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए देश और समाज की खुशहाली की कामना की।







