अमित मिश्रा
जिला उद्यान अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। नवीन व्यवस्था अन्तर्गत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जनपद में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने नन्दना राजकीय विद्यालय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त किया और कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियन्ता के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों पर सीसीटीवी लगाने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर किया जाय और विकास कार्यो निर्धारित लक्ष्य को समय सीमा के अन्दर शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाय।
जिलाधिकारी बीएन सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में नवीन व्यवस्था अन्तर्गत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा की गयी। समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की समीक्षा की तो यह तथ्य संज्ञान में आया कि राजकीय निर्माण निगम द्वारा राजकीय इण्टरमीडिएट कालेज नन्दना व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का निर्माण कार्य अधिशासी अभियन्ता राजकीय निर्माण निगम को धनराशि भुगतान करने के बाद भी कार्य रूका हुआ है, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि अधिशासी अभियन्ता के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की कार्यवाही करें।
इसी प्रकार से एकीकृत बागवानी मिशन के अन्तर्गत कार्य में शिथिलता बरतने पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों का खण्ड विकास अधिकारी और पशु चिकित्साधिकारी साप्ताहिक भ्रमण करें और भ्रमण की रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि गोवंश आश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर की जाये, गोवंश आश्रय स्थलों हेतु पशुओं के चारे हेतु जो धनराशि का भुगतान किया गया है, उसकी जांच के लिए जिला विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है, वह जाॅच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। गोवंश आश्रय स्थल पर पशुओं के चारे, भूसे आदि की समस्या कदापि न होने पाये, इसकी सतत निगरानी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा सुनिश्चित करायी जाये।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत जो पौध रोपण किये गये हैं, सभी विभाग हरीतिमा ऐप पर जीओ टैगिंग कर फोटो अपलोड करें।
जिला खनिज फाण्डेशन निधि से कराये जो रहे कार्यों को गुणवत्ता पूर्वक पूर्ण किया जाये, जो भी कार्य खनिज फाउण्डेशन न्यास से कराये जा रहे हैं, उसकी जाॅच करायी जायेगी।
जिला कृषि अधिकारी को उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में खाद बिक्री हेतु संचालित दुकानों की निरन्तर जाॅच की जाये यदि कही भी ओवररेटिंग प्राप्त होती है तो सम्बन्धित दुकानदार के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।
समीक्षा के दौरान एलडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत 15 से 30 जुलाई तक फसल बीमा हेेतु किये जाने वाली पंजीकरण का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाये और कृषक बन्धुओं के खरीफ फसल का बीमा पंजीकरण कराया जाये।
उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि लाभार्थीपरक योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाये, निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा किया जाये, निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गुणवत्ता के साथ अधूरे कार्याें को पूर्ण किया जाये, अन्यथा की स्थिति में जिस स्तर से कमी पायी जायेगी उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए उच्च स्तर पर पत्राचार भी किया जायेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 अश्वनी कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतपाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह भदौरियां सहित अन्य सम्बन्धितगण उपस्थित रहें।






