वीरेंद्र कुमार
विंढमगंज (सोनभद्र) । स्थानीय थाना क्षेत्र में मोहर्रम का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्राम पंचायत सलैयाडिह, महुली, बैरखड़ और हुमेलदोहर स्थित जामा मस्जिद से निकाले गए ताजिया और अखाड़े के झंडे के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें दुलदुल घोड़े ने आकर्षण का केंद्र बना रहा। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर सुहैल खान और सेक्रेटरी आरफीन जलाल अंसारी के नेतृत्व में शाम करीब 4 बजे जुलूस जामा मस्जिद पहुंचा, जहां ध्वनि विस्तारक यंत्र पर मातमी धुन और “या अली, या हुसैन” के नारों के साथ जुलूस आगे बढ़ा।


इस दौरान युवाओं ने लाठी-डंडों के साथ शानदार कलाओं का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। जुलूस में दुलदुल घोड़े की सजावट और उसकी अदायगी ने सभी का ध्यान खींचा। स्थानीय निवासी रघुवर केसरी ने अपने प्रतिष्ठान के सामने सेवई और खिचड़ी का वितरण भी किया, जिससे उत्सव में और भी रंग भर गया।


जुलूस के आयोजन में शाहरुख खान, डब्ल्यू खान, मुजीब खान, इम्तियाज़ खान, सद्दाम हुसैन, सरफराज, अली राजा, नसीम और जावेद समेत कई लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम को स्थानीय प्रशासन की निगरानी में शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया। मोहर्रम के इस जुलूस ने सांप्रदायिक सौहार्द और धार्मिक उत्सव की मिसाल पेश की।







