पंकज कुमार
कन्नौज(उत्तर प्रदेश)। जिले के दाईपुर गांव में बच्चों-बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडों के साथ धारदार हथियार चलने लगे। देर रात हुए इस खूनी संघर्ष में मौके पर ही एक की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों ही पक्ष एक ही परिवार के है। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है तो वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
आपको बताते चलें कि सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दाईपुर में बीती रात 10 बजे के आसपास लालमन के बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे, इन्ही बच्चों के साथ उसके भाई और भतीजे के बच्चे भी खेल रहे थे, कि इसी दौरान खेलने को लेकर बच्चों-बच्चों के बीच विवाद हो गया। बच्चों के विवाद को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्ष एक दूसरे पर लाठी डंडे व धारदार हथियारों से हमला करने लगे। जिससे लालमन गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए। आनन-फानन उनको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। इस खूनी संघर्ष में लालमन की पत्नी और बच्चे भी घायल है और दूसरे पक्ष की ओर से भी दिनेश सहित दो लोग घायल हुए है। सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने इस पूरे मामले में मृतक लालमन के बेटे रामकुमार की ओर से दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
इस सम्बंध में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र के दाईपुर गांव में कल रात में बच्चों के खेलने के दौरान एक विवाद को ले करके दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। जिसमें रामकुमार और लालमन और लालमन की पत्नी रामवती गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमें लालमन को काफी चोट लगी थी जिससे उनकी मौके पर मृत्यु हो गई थी, इसमें रामकुमार जो मृतक के लड़के हैं उनकी तरफ से चार लोगों के खिलाफ हत्या का अभियोग पंजीकृत कराया गया है। इसमें एक आदेश और सुरजीत इनको पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विवेचना की जा रही है और साथ ही जो एक तीसरा अभियुक्त है दिनेश उसको भी चोट लगी है जो पुलिस निगरानी में ही तिर्वा मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है और एक चैथा अभियुक्त जो अमरनाथ है, उसको अभी तलाश किया जा रहा है। एक परिवारिक विवाद में ही यह झगड़ा हुआ है और जो मारने वाले है वह सगे उनके परिवारिक है। जो मृतक हैं उनके भतीजे हैं और भाई है। यह घटना कल रात 10 बजे के आसपास हुई थी और उसके बाद इनको अस्पताल लाया गया, जहां पंचनामा और पोस्टमार्टम मृतक का कराया जा रहा है।







