अमित मिश्रा
परशुराम जयंती को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी जोरों पर
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में सदर तहसील क्षेत्र के तरांवा गांव में 30 अप्रैल को आयोजित भगवान परशुराम के मूर्ति अनावरण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्य अतिथि के लिए भारत सरकार के पूर्व मंत्री महेंद्रनाथ पाण्डेय की सहमति प्राप्त हो गई है, विशिष्ट अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री दया शंकर मिश्र उर्फ दयालु होंगे तो वही समारोह की अध्यक्षता पूर्व कुलपति प्रोफेसर राममोहन पाठक करेंगे।
आयोजन समिति के प्रवक्ता श्रीकांत दुबे ने बताया कि जनपद में बड़कागांव ब्राह्मण समाज की आबादी का सबसे बड़ा गांव है और यहां सैकड़ो वर्षों से रामलीला का मंचन होता है। यहां पर भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम की भव्य मूर्ति का अनावरण होगा। श्री परशुराम न्यास की तरफ से पांच विभूतियों को कुल शिरोमणि और कुल गौरव सम्मान से विभूषित किया जाएगा । विजय शंकर चतुर्वेदी द्वारा लिखित पुस्तिका ‘ सोनभद्र में प्रभु श्रीराम के संदर्भ ‘ के चतुर्थ संस्करण का विमोचन होगा।
प्रवक्ता श्री दुबे ने बताया कि जनपद के बीस सामाजिक व्यक्तियों को परशुराम के फरसे की अनुकृति प्रदान की जाएगी ताकि वे और भी ऊर्जा और मनोयोग से समाज की सेवा कर सकें। सम्मानित व्यक्तियों और अतिथियों को मेटल की परशुराम की मूर्ति प्रदान की जाएगी जिसे राजस्थान के कारीगरों से तैयार कराया गया है। यह कार्यक्रम 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे प्रारंभ होकर दोपहर एक बजे समाप्त हो जाएगा, इस अवसर पर अभ्यागतों और अतिथियों के लिए सहभोज की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।







