अमित मिश्रा
सपा सांसद ने जांच के लिए अपर मुख्य सचिव पंचायती राज को लिखा पत्र
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल खरवार ने जिला पंचायत के कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने एवं स्थानीय सांसद का शिलापट्ट लगाने की मांग किया है। सांसद ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत के कार्यो में बड़े पैमाने पर घोटाला किया जा रहा है ,जिसकी जांच होनी चाहिए और जो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किया जाय।
सांसद ने अपर मुख्य सचिव पंचायती राज विभाग लखनऊ को पत्र लिख बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला पंचायत नगवां ब्लाक के सेक्टर नं. 2 में जिला पंचायत द्वारा जो कार्य कराया गया है, उन सभी कार्यों में मनमानी तरीके से गुणवत्ताविहीन कार्य ठेकेदारों द्वारा किया गया है। इतना ही नही अधिकारियों व कर्मचारियों के मिली भगत से बहुत से कार्य मानक के अनुरूप कार्य नही कराया गया है तथा कई स्थानों पर कार्य पूर्ण नही किया गया है। इसके साथ ही ठेकेदार अधूरा कार्य छोड़कर भाग गए और कई स्थानों पर स्थानीय सांसद का कोई शिलापट्ट भी नही लगाया गया है ना शिलान्यास कराया गया , ना उद्घाटन कराया गया है, मनमानी तरीके से लूट-घसोट भ्रष्टाचार किया गया है।
सांसद ने आरोप लगाते हुए बताया कि कई बार अपर जिला पंचायत अधिकारी से शिकायत की गई तथा कार्यों की सूची मांगी गई परंतु कोई सूची उपलब्ध नहीं कराई गई। जिला पंचायत विभाग के अधिकारी द्वारा मनमानी तरीके से किसी व्यक्ति विशेष के दबाव में आकर जिला पंचायत सदस्यों के क्षेत्रो में नियमानुसार कार्य न कराकर सौतेला व्यवहार किया जाता है।
जिला पंचायत द्वारा ग्राम कम्हारी ब्रह्म नगर रोड से गोपाल सिंह के घर होते हुए भागलपुर मार्ग तक सीसी रोड का कार्य कराया गया है जिसकी जांच पूर्व में हुई थी, जिसमें 15 लाख रुपये का घोटाला सामने आया था परंतु उक्त कार्य के संबंध में अधिकारियों द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई। इसी तरह नगवां ब्लाक के सेक्टर 2 में ग्राम पल्हारी में कुवा तक सीसी रोड के कार्य में भ्रष्टाचार किया गया है तथा कार्य अधूरा पड़ा है,जिसकी जांच आवश्यक है।
सपा सांसद ने जिला पंचायत के द्वारा वर्ष 2021 से अब तक कराये गए समस्त कार्यों की सूची, जिला पंचायत सदस्यों को उपलब्ध कराया जाए एवं समस्त कार्यों की उच्च स्तरीय कमेटी बनाकर जांच कराने की मांग किया है और कहा कि जब सभी कार्यों का जांच कराया जाएगा तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।






