
विधायक और सांसद का दौरा, पुलिस पर बढ़ा दबाव
कौस्तुम केशरी ‘लकी’
नौगढ़ (चंदौली) । जिले के नौगढ़ इलाके की बाघी पंचायत के कोठी घाट निवासी राम अवतार उर्फ सिपाही की हत्या के मामले में पुलिस की जांच तेज़ हो गई है। क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य और राबर्ट्सगंज सांसद छोटेलाल खरवार ने बृहस्पतिवार को मृतक के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस को दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का सख्त निर्देश दिया है। इस घटना से क्षेत्र में गम और गुस्से का माहौल है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है और लोग पुलिस की कार्रवाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं, जनप्रतिनिधियों के सक्रिय हस्तक्षेप ने पुलिस पर दबाव बढ़ा दिया है, जिससे जल्द ही मामले में न्याय की उम्मीद जताई जा रही है।
इस मौके पर भाजपा विधायक और सपा सांसद ने मृतक के परिवार को आश्वासन दिया कि उन्हें न्याय मिलेगा। विधायक कैलाश आचार्य ने कहा, आप लोग संयम बनाए रखें, पुलिस दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार करेगी।
वहीं राबर्ट्सगंज सांसद छोटेलाल खरवार ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पुलिस पूरी तत्परता से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। राम अवतार के लापता होने और उसके बाद हत्या के मामले में पुलिस ने शक के आधार पर तीन और लोगों को हिरासत में लिया है।







