चंदौली जिले के विकास खंड नौगढ़ के ग्राम गोलाबाद स्थित राजकीय आश्रम पद्धति आवासीय विद्यालय में शनिवार को एसबीआई फाउंडेशन की परियोजना ‘एसबीआईएफ जीवनम’ एवं ग्रामीण विकास ट्रस्ट (जीवीटी) के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से विद्यालय के करीब 390 छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को दैनिक जीवन में स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें हाथ धोने के छह सही चरणों की जानकारी देते हुए भोजन करने से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से हाथ धोने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही गीले कचरे को हरे डस्टबिन और सूखे कचरे को नीले डस्टबिन में अलग-अलग डालने तथा शौचालय का नियमित उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के बाद छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर और गांव में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने ‘स्वच्छ गांव, स्वस्थ गांव’ का नारा लगाते हुए ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। बच्चों ने अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, करीब 390 छात्र-छात्राएं तथा ग्रामीण विकास ट्रस्ट की टीम मौजूद रही। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने एसबीआई फाउंडेशन और ग्रामीण विकास ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है और वे समाज में भी स्वच्छता का संदेश पहुंचाते हैं।









