अमित मिश्रा
हिमाचल प्रदेश में मैक्लोडगंज पहुंच अधिवक्ता विकास शाक्य के नेतृत्व में प्रतिनिधि मण्डल ने दलाई लामा को दिया आमंत्रण
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के बेलहत्थी स्थित सिरी आश्रम (बुद्ध विहार) से निकला आमंत्रण हिमाचल प्रदेश के मैक्लोडगंज तक पहुंचा। सिरी आश्रम से जुड़े 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अधिवक्ता व बुद्ध विहार के संस्थापक विकास शाक्य के नेतृत्व में मैक्लोडगंज पहुंचकर दलाई लामा से मुलाकात की और उन्हें सोनभद्र आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 22 नवंबर को सिरी आश्रम में वर्षावास समाप्ति के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समारोह में शामिल होने का न्योता दिया।
प्रतिनिधिमंडल की दलाई लामा से मुलाकात की खबर सामने आते ही सिरी आश्रम से जुड़े लोगों और क्षेत्र के अनुयायियों में उत्साह का माहौल बन गया है। समारोह को लेकर तैयारियों और चर्चाओं का दौर भी तेज होने की उम्मीद है।
उक्त जानकारी देते हुए विकास शाक्य ने बताया कि सिरी आश्रम की ओर से 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मैक्लोडगंज पहुंचा और दलाई लामा से मुलाकात कर सोनभद्र के बेलहत्थी स्थित सिरी आश्रम और वहां 22 नवंबर को प्रस्तावित वर्षावास समाप्ति समारोह के बारे में जानकारी दी। दलाई लामा से समारोह में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने का अनुरोध किया। इस दौरान सिरी आश्रम की ओर से उन्हें आश्रम का स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।
सोनभद्र के लिए खास होगा 22 नवंबर का दिन
विकास शाक्य ने बताया कि 22 नवंबर को वर्षावास समाप्ति के अवसर पर सिरी आश्रम में विशेष समारोह आयोजित किया जाना है। इसी कार्यक्रम में दलाई लामा को आमंत्रित करने के उद्देश्य से प्रतिनिधिमंडल मैक्लोडगंज पहुंचा था। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान दलाई लामा को सोनभद्र के सिरी आश्रम आने का निमंत्रण दिया। दलाई लामा के साथ हुई मुलाकात को प्रतिनिधिमंडल ने महत्वपूर्ण बताया।
मैक्लोडगंज में हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केवल कार्यक्रम का निमंत्रण ही नहीं दिया, बल्कि सिरी आश्रम का स्मृति चिन्ह भेंट कर सोनभद्र से जुड़ी अपनी पहचान भी दलाई लामा तक पहुंचाई। अब 22 नवंबर को होने वाले वर्षावास समाप्ति समारोह को लेकर सिरी आश्रम से जुड़े लोगों की निगाहें दलाई लामा के आगमन पर टिकी हैं। यदि दलाई लामा समारोह में शामिल होते हैं तो यह आयोजन सिरी आश्रम के लिए विशेष महत्व रखेगा।







