चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना जयमोहनी पोस्ट के गहिला बाबा रोड पर हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान सोनभद्र जनपद के नागनार हरैया गांव निवासी काजू (20 वर्ष) पुत्र कमला के रूप में हुई है। काजू अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था। सोमवार रात करीब 8 बजे वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था।
गहिला बाबा रोड पर सामने से आ रहे एक साइकिल सवार से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। साइकिल सवार दूध के बर्तन लेकर जा रहा था।
टक्कर इतनी भीषण थी कि काजू बाइक समेत सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
नौगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव का पंचनामा भरा गया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
नौगढ़ थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि रात में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।






