नौगढ़ बाजार में सैलून के अंदर युवक पर बोतल से जानलेवा हमला, सिर फूटा; दो आरोपी हिरासत में

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ बाजार स्थित एक सैलून में मंगलवार को बाल कटवाने के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। नशे की हालत में पहुंचे दो युवकों ने अमृतपुर गांव निवासी एक व्यक्ति पर शराब से भरी बोतल से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है। मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार अमृतपुर गांव निवासी राजेंद्र कुमार (40 वर्ष), पुत्र मोहन, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नौगढ़ बाजार स्थित विनोद शर्मा के सैलून पर बाल कटवाने पहुंचे थे। इसी दौरान नशे की हालत में दो युवक वहां आ गए और अभद्र व्यवहार करने लगे। सैलून संचालक ने उन्हें समझाते हुए कहा कि पहले राजेंद्र कुमार के बाल काटे जा रहे हैं, इसके बाद उनका नंबर आएगा।

बताया जाता है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने राजेंद्र कुमार से तुरंत कुर्सी खाली करने को कहा। विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने अपने हाथ में मौजूद शराब से भरी कांच की बोतल राजेंद्र कुमार के सिर पर दे मारी। बोतल लगते ही उनका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच राजेंद्र कुमार का पुत्र रणजीत, जो किसी कार्य से बाहर गया हुआ था, मौके पर पहुंचा और पिता की हालत देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नौगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजेंद्र कुमार को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया गया, जहां डॉ. सत्य ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार घायल के सिर पर गंभीर चोट आई है और उपचार के बाद उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में तहरीर प्राप्त होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1542
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?