म्योरपुर/सोनभद्र। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत म्योरपुर पुलिस ने सोमवार सुबह अवैध गांजे के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1 किलो 478 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व सीओ दुद्धी के निर्देशन में टीम ने 21 सितंबर को सुबह करीब 6:30 बजे एयरपोर्ट रोड स्थित लहरा मोड़ ईदगाह के पास संदिग्ध महिला को रोका। तलाशी में अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार महिला की पहचान सुनेना पत्नी सुरेंद्र कुमार (40 वर्ष), निवासी कस्बा म्योरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने थाना म्योरपुर पर मु0अ0सं0-110/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू की है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक बलजीत भारद्वाज, कां. रामसूरत वर्मा, कां. राहुल कुमार व महिला कां. साक्षी शामिल रहीं। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






