वीरेन्द्र कुमार
विंढमगंज/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। विंढमगंज वन क्षेत्र के अंतर्गत सुईचट्टान बीट में आरक्षित वन भूमि पर जोत-कोड़ कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे दो लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
रेंजर रत्नेश यादव ने बताया कि सोमवार को सुबह करीब 11:30 बजे हरनाकछार निवासी उमेश कुमार पुत्र फजीहत और कमलेश कुमार पुत्र गंगाधर द्वारा ट्रैक्टर से वन भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा था। गश्त पर निकली वन टीम की नजर पड़ते ही दोनों को मौके पर पकड़ा गया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी के निर्देश पर वनकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मौके से एक ट्रैक्टर मय कल्टीवेटर बरामद कर जब्त कर लिया है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम-1927 (यथासंशोधित 2000) की धारा 26 के तहत अपराध पंजीकृत कर अग्रिम विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
वन विभाग ने चेतावनी दी है कि वन भूमि पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।









