पांच साल से अंधेरे में सुकरवन टोला के ग्रामीण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सीएस पाण्डेय

बभनी ग्राम पंचायत के सुकरवनटोला का मामला

ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल्द बदलने की मांग की, बिल 35 हजार तक पहुंचा

बभनी/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। सूबे की योगी सरकार के तमाम प्रयास और जारी हेल्प लाइन नम्बर पर शिकायत करने के बावजूद भी बभनी ग्राम पंचायत के सुकरवनटोला में पिछले पांच साल से बिजली का जला ट्रांसफार्मर नही बदला न सका। इस विभागीय लापरवाही के कारण परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग किया है।

सुकरवनटोला में श्याम बिहारी के घर के पास लगा 25 केवीए का यह ट्रांसफार्मर पांच साल पहले खराब हो गया था। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इन पांच सालों में सैकड़ों बार इसकी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।ट्रांसफार्मर खराब होने के बावजूद लोगों के बिजली बिल लगातार बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, कई लोगों का बिल 25 हजार से 35 हजार रुपये तक पहुंच गया है। पार्वती देवी का बिल 25 हजार, बसंत का 32 हजार और श्याम बिहारी का 30 हजार रुपये हो गया है।


गांव में पूरी तरह से अंधेरा छाया रहता है, जिससे रात में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है और मोबाइल चार्ज करने में भी दिक्कत आ रही है। पीने के पानी की भी बड़ी समस्या है, क्योंकि समरसेबल और पानी की टंकियां बिजली के बिना बेकार पड़ी हैं।

ग्रामीणों को दूर के कुओं और हैंडपंपों से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीण श्याम बिहारी, छोटूराम, अजीत, बशीर, बसंत लाल, मुन्नी लाल, सुरेश कुमार, अनिल कुमार, विवेक शर्मा, कैलाश, नीलू कुमारी, पार्वती देवी, मुकेश, देवचंद्र और सुमित्री देवी ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है।

इस मामले में जब एसडीओ शिवम गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक-दो दिन में ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?