चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के जयमोहनी पोस्ता के पास सोमवार शाम नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर सीएनजी कंटेनर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार 45 वर्षीय सीताराम बिंद पुत्र बड्डू, निवासी औरहवा, जनपद सोनभद्र की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कंटेनर लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल सीएनजी कंटेनर को पकड़ लिया है।

बताया गया कि सीताराम बिंद जयमोहनी गांव में रिश्तेदारी में आए हुए थे। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जयमोहनी पोस्ता के पास सामने से नौगढ़ स्थित रिलायंस कंपनी में सीएनजी गैस लेने जा रहे कंटेनर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। हादसा देख आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सक चंद्र कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी, मौके पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल सीएनजी कंटेनर को पकड़ लिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








