चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम नशे में बाइक चला रहा एक युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में युवक के सिर, चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। आसपास से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार जायसवाल भी मौके पर पहुंचे और घायल युवक की स्थिति का जायजा लेते हुए मदद की। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायल को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सोनभद्र जिला अस्पताल लोढ़ी के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार जमसोत गांव निवासी संजय कुमार (40), पुत्र स्वर्गीय लोकू, गुरुवार को नौगढ़ बाजार में सामान खरीदने आया था। सामान खरीदने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था। कौवाघाट के पास नर्सरी के समीप पहुंचते ही नशे के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। बाइक से गिरने के बाद युवक करीब 30 मीटर तक सड़क पर घिसटता हुआ आगे जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार जायसवाल मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। अस्पताल में युवक के नशे में होने के कारण इलाज के दौरान भी परेशानी होने की बात सामने आई।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि शाम करीब छह बजे एंबुलेंस की मदद से एक गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल लाया गया था। उसके सिर, चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सोनभद्र जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया गया।









