सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह का शनिवार को जनपद आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जिला कार्यालय पर पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण के बाद बैठक शुरू हुई। बैठक से पूर्व उन्होंने पत्रकारों से प्रेस वार्ता भी की।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नंदलाल ने की और संचालन जिला महामंत्री संतोष शुक्ला ने किया। जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह की मौजूदगी में आगामी स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि रमेश सिंह ने कहा कि स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओं को योजनाबद्ध तरीके से लगना होगा, मतदाताओं से निरंतर संपर्क और बेहतर समन्वय से तैयारियों को गति देनी होगी।
जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह ने कहा कि बूथ स्तर तक संगठनात्मक तैयारी और सक्रियता जरूरी है। पदाधिकारी समन्वय बनाकर स्नातक-शिक्षक मतदाताओं से संपर्क करें।
जिलाध्यक्ष नंदलाल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी एकजुट होकर समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा करेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र मौर्या, राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, जीत सिंह खरवार, पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा,अशोक मिश्रा,ओंकार केसरी, धर्मवीर तिवारी, शीतला आचार्य, जिला उपाध्यक्ष शंभू नारायण सिंह, बृजेश श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, स्नातक चुनाव संयोजक कृष्ण मुरारी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।









