सोनभद्र। सोमवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जनपद सोनभद्र में जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के समस्त संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अपने कार्यस्थल पर कार्य करते हुए अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार एवं शासन का ध्यान लंबे समय से लंबित अपनी जायज मांगों की ओर आकर्षित किया। कर्मचारियों का कहना है कि वे स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण सेवाओं में निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, इसके बावजूद उनकी सेवा-सुरक्षा एवं भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण समस्याएं बनी हुई हैं।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें,संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए- समान कार्य के लिए समान वेतन की व्यवस्था लागू की जाए- आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का एनएचएम में समायोजन किया जाए- सभी संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ प्रदान किया जाए,कर्मचारियों को ईपीएफ सहित सामाजिक सुरक्षा का समुचित लाभ दिया जाए- स्थायी/परमानेंट भर्तियों में संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को उचित छूट एवं प्राथमिकता प्रदान की जाए जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला ने कहा कि संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं को निरंतर मजबूती प्रदान कर रहे हैं। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करते हुए उनकी सेवा-सुरक्षा, सम्मानजनक वेतन एवं भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आंदोलन को चरणबद्ध एवं शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। संघ की मांग है कि शासन स्तर पर कर्मचारियों की समस्याओं पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, जिससे कर्मचारी पूरी निष्ठा और मनोयोग से स्वास्थ्य सेवाओं में अपना योगदान देते रहें।









