अमित मिश्रा
डीसीएम कंटेनर से 60 किलो 525 ग्राम गांजा बरामद,
पुलिस ने बरामद गांजा की कीमत 30 लाख 25 हजार रुपये बताया
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में ऑपरेशन शुद्धि” के तहत एएनटीएफ यूनिट मेरठ, जनपद की एसओजी टीम एवं थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में काजू के छिलकों की आड़ में उड़ीसा से तस्करी कर लाया जा रहा 60 किलो 525 ग्राम गांजा जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30.25 लाख रुपये बरामद करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी में संलिप्त एक तस्कर को गांजा तस्करी में आयशर कैन्टर एवं 01 मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र के नेतृत्व में ANTF यूनिट मेरठ, एसओजी एवं थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम द्वारा चुर्क मोड़ यात्री शेड, लोढ़ी, शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग पर चेकिंग के दौरान आयशर कैन्टर को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में काजू के छिलकों से भरे कट्टों के बीच छिपाकर रखे गए तीन प्लास्टिक कट्टों से कुल 60 किलो 525 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से वाहन चालक ऋषि कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज पर धारा 8/20/27A/29/60/61 NDPS एक्ट के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार तस्कर ऋषि कुमार यादव पुत्र स्व0 विनेश कुमार, निवासी ग्राम किशनपुर, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह उड़ीसा के भुवनेश्वर क्षेत्र से काजू के छिलकों की आड़ में गांजा लेकर आ रहा था, जिसे जनपद एटा में एक व्यक्ति को देना था। अभियुक्त के अनुसार, उड़ीसा निवासी एक व्यक्ति ने उसे गांजा लाने के लिए आयशर कैन्टर उपलब्ध कराया था तथा इस कार्य के बदले ₹40,000 अतिरिक्त देने का लालच दिया था।
वहीं पुलिस द्वारा गांजे की तस्करी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए अग्रिम विवेचनात्मक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर पर धारा 102, 41 दण्ड प्रक्रिया संहिता एवं धारा 411, 420, 467, 468 भा.दं.सं., थाना कोतवाली देहात, धारा 25/3 आयुध अधिनियम, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा और धारा 8/20/27A/29/60/61 NDPS एक्ट, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र में दर्ज है।
इस तस्कर को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, एसओजी सोनभद्र, उप निरीक्षक लोकेन्द्र कुमार, ANTF यूनिट मेरठ, उप निरीक्षक उमाशंकर यादव, थाना रॉबर्ट्सगंज, विनीत कुमार, संजीव कुमार, नवीन कुमार, धीरी सिंह (चालक), ANTF यूनिट मेरठ, राजेश यादव, मनीष सिंह, रितेश सिंह पटेल, जयप्रकाश सरोज, सत्यम पाण्डेय, अजीत कुमार, SOG सोनभद्र व मशी अहमद, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र शामिल रहे।










