मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से सोनभद्र के युवाओं को मिलेगी नई उड़ान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

“निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ, UPSC, NEET, JE की तैयारी अब मुफ्त”

सीडीओ ने UPSC में द्वितीय रैंक की सफलता का मंत्र किया साझा

सोनभद्र। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे जनपद के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया।
राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड ने फीता काटकर कोचिंग सेंटर का उद्घाटन किया और छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस केंद्र में UPSC, NEET, JE सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना ऐसे परिश्रमी युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रही है जो अपने भविष्य को नई दिशा देना चाहते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित कक्षाओं में भाग लेने और पूरी मेहनत से तैयारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने छात्रों से सीधा संवाद किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि उन्होंने बिना कोचिंग के पहले प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उन्होंने कहा, “कोचिंग केवल साधन है, सफलता का आधार स्वाध्याय, अनुशासन, सही रणनीति और निरंतर अभ्यास है।” उन्होंने छात्रों को पाठ्यक्रम समझने, सीमित सामग्री पढ़ने, पिछले वर्ष के प्रश्नपत्र हल करने और समय प्रबंधन पर ध्यान देने की सलाह दी।
“लक्ष्य स्पष्ट रखें, स्वयं पर विश्वास रखें। सीमित संसाधन सफलता की सीमा तय नहीं करते, आपका परिश्रम तय करता है।”
सीडीओ जागृति अवस्थी ने बताया कि उन्होंने UPSC में द्वितीय रैंक प्राप्त की थी। उन्होंने कहा कि बड़ी सफलता एक दिन की मेहनत नहीं, बल्कि रोज की लगन, अनुशासन और निरंतरता का परिणाम होती है। उन्होंने छात्रों को दिनचर्या अनुशासित रखने, कठिन विषयों पर अधिक मेहनत करने और असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
“मेहनत और लगन का कोई विकल्प नहीं है। सही दिशा में की गई मेहनत आपको लक्ष्य तक जरूर पहुंचाएगी।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी को योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, एम.जी. रवि सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?