अमित मिश्रा
महिला की हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में मचा कोहराम
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद के घोरावल नगर से सटे मझिगवां रविवार की शाम कृषि कार्य में आने वाले पंखे से महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी जिसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मझिगवां में किसान भुनेश्वर पटेल व सुरेश प्रजापति के खिलहान में धान ओसाने का काम चल रहा था। इस दौरान काम कर रही मंजू देवी 36 वर्ष अपने पति सुरेश प्रजापति के साथ धान ओसाने में सहयोग कर रही थी। मंजू धान को ओसाने के लिए अपने पति को टोकरी में धान भरकर पकड़ा रही थी कि ट्रैक्टर मे धान ओसाने हेतु लगे पंखे में साड़ी फंस जाने के कारण पंखे की चपेट में आने से मंजू का सिर कट गया,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वही पत्नी के साथ हुए इस हृदय विदारक घटना को देखकर पति सुरेश मौके पर ही अचेत होकर गिर गया।जिसे लोगों ने तत्काल अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।
इस घटना की सूचना पर मौके पर चौकी प्रभारी मयफोर्स पहुंचे और शव को कब्जा मे लेकर विधि कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भेज दिया।
इस घटना से परिजन मे कोहराम मच गया। मां के मौत की खबर मिलते ही बेटी प्रियंका और दो बेटे रोते बिलखते रहे। इस घटना से आसपास पड़ोस के लोगो की आंखे गीली हो गई।
इस सम्बंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद यादव ने बताया कि धान ओसाई के दौरान पंखे की जद में आने से महिला की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।







