चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के बोदलपुर गांव निवासी तीरथनाथ यादव का उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन प्रक्रिया के तहत टीजीटी (हिंदी) प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक पद पर चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके चयन की सूचना मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तीरथनाथ यादव किसान मंगल यादव के पुत्र हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में लगातार मेहनत और लगन के बल पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने 121 प्रश्न सही हल किए थे, जिसके आधार पर उनका चयन टीजीटी (हिंदी) पद पर हुआ।
तीरथनाथ यादव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद हाई स्कूल की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), नौगढ़ से पूरी की। इसके बाद इंटरमीडिएट आदित्य इंटर कॉलेज, चकिया से तथा स्नातक की शिक्षा सावित्रीबाई फुले महाविद्यालय, चकिया से प्राप्त की।
उनकी इस उपलब्धि से बोदलपुर गांव समेत पूरे नौगढ़ क्षेत्र में गर्व का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तीरथनाथ की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। परिजनों ने उनकी सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
चयन की खबर मिलते ही गांव में बधाई देने वालों का तांता लग गया। मित्रों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि तीरथनाथ यादव एक कुशल शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।






