सड़क निर्माण में घोर लापरवाही पर ग्रामीणों का आक्रोश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं


ठेकेदार की मनमानी पर प्रदर्शन की चेतावनी

वीरेंद्र कुमार


विंढमगंज, सोनभद्र । ग्राम पंचायत हरनाकछार में रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग से मलेश्वर मंदिर, गुप्ता बस्ती होते हुए रेलवे क्रासिंग तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़क के निर्माण में ठेकेदार द्वारा की जा रही लापरवाही पर ग्रामीणों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में हो रही अनियमितताओं पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार से मानक के अनुसार कार्य करने की मांग की है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी और विनोद गुप्ता ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा इस सड़क के निर्माण के लिए लाखों रुपये आवंटित किए गए हैं, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के चलते बिना समुचित साफ-सफाई और गुणवत्ता के सोलिंग डालकर पीचिंग का काम जैसे-तैसे पूरा किया जा रहा है। स्थिति यह है कि जहां एक ओर पिचिंग हो रही है, वहीं दूसरी ओर पहले से की गई पीचिंग उखड़ने लगी है।

महायज्ञ से पहले अधूरी सड़क पर संकट
गौरतलब है कि 1 मार्च से मलेश्वर महादेव मंदिर पर महायज्ञ का आयोजन होना है, जिसके चलते इस मार्ग पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होगा। इसके बावजूद ठेकेदार की मनमानी और लापरवाही से सड़क निर्माण अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क निर्माण का कार्य जल्द और गुणवत्ता के साथ पूरा नहीं किया गया, तो वे संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में महेंद्र गुप्ता, मुन्ना यादव, रघुनाथ यादव, बंशीधर प्रसाद, राधेश्याम, नंदलाल, कमलेश, सोनू कुमार, विनीत प्रसाद, अरविंद प्रसाद, अजीत, रामचंद्र गुप्ता, रविंद्र भारती, विजय भारती, विजय गुप्ता समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।

जेई ने दी चेतावनी
संबंधित जेई (जूनियर इंजीनियर) राजेश कुमार ने मोबाइल पर जानकारी देते हुए कहा कि ठेकेदार को मानक के अनुरूप कार्य करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। यदि कार्य में सुधार नहीं हुआ तो ठेकेदार का भुगतान रोकने के साथ-साथ सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

Leave a Comment

1378
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?