महीनों से खराब ट्रांसफार्मर, अंधेरे में ग्रामीण; प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ जताया आक्रोश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- 72 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने के नियम के बावजूद एक माह से नहीं हुई कार्रवाई,

O- तीन दिन में समाधान न होने पर सब-स्टेशन घेराव की चेतावनी

बभनी (सोनभद्र) । म्योरपुर ब्लॉक के राजासरयी गांव के खिरवा टोला में पिछले एक महीने से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा होने के कारण ग्रामीण अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों के मुताबिक करीब एक माह पहले टोले में लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसकी शिकायत बिजली विभाग के टोल-फ्री नंबर पर भी दर्ज कराई गई, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन की व्यवस्था के अनुसार खराब ट्रांसफार्मर को निर्धारित समय में बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल की जानी चाहिए, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

विभाग के खिलाफ की नारेबाजी

लगातार बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से रात में अंधेरा छाया रहता है। घरेलू कामकाज के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

तीन दिन का अल्टीमेटम

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बिजली विभाग को तीन दिन का समय दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे संबंधित सब-स्टेशन का घेराव कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

प्रदर्शन के दौरान राजू पाण्डेय, सुखयी राम, आयुष पाण्डेय, रामभजन, जिन्दलाल गोड़, रमेश, कमलेश, सुरेश, अखिलेश, अनिता, सीमा, रोली, शिव प्रसाद गोड़ समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों का सवाल, आखिर कब बदलेगा ट्रांसफार्मर?

ग्रामीणों का कहना है कि जब खराब ट्रांसफार्मर बदलने के लिए शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है तो आखिर एक महीने बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल क्यों नहीं की गई? ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1544
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?