अमित मिश्रा
नगर पंचायत रेणुकूट द्वारा कूड़ा निस्तारण के लिए हथवानी गांव में बनाया गया है एमआरएफ सेन्टर
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। प्रदेश सरकार ने शहरों का कूड़ा निस्तारण के लिए एमआरएफ सेन्टर का निर्माण नगर पालिका और नगर पंचायतों में करा रही है। जनपद में विकास खण्ड दुद्धी के ग्राम पंचायत हथवानी में रेणुकूट नगर पंचायत द्वारा कस्बे का कूड़ा कचरा निस्तारण के लिए बनवाया गया एमआरएफ सेंटर ग्रामीणों के लिए बीमारी का निमंत्रण दे रहा है। एमआरएफ सेन्टर में एकत्रित कूड़े कचरे के ढेर से उठ रही दुर्गंध से बीमारी फैलने की आशंका को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए एमआरएफ सेंटर को गांव की आबादी से दूर हटाए जाने की मांग किया।
गौरतलब हो कि विकास खण्ड दुद्धी के ग्राम पंचायत हथवानी में नगर पंचायत रेणुकूट द्वारा अपने नगर क्षेत्र के कूड़ा के निस्तारण के लिए मैटिरियल फैसिलिटी सेंटर (एमआरएफ सेंटर ) का निर्माण तो कर दिया गया वहा पर कूड़े कचरे के ढेर से काफी बदबूदार दुर्गंध उठ रही है। दुर्गंध उठने के कारण हथवानी गांव व एमआरएफ सेंटर के आसपास निवास कर रहे लोग काफी परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कचरे के ढेर से दुर्गंध उठने के कारण बड़े-बड़े मच्छरों तथा मक्खियों का प्रकोप क्षेत्र में बढ़ गया है। सांस लेने वह सोने में भी दिक्कत हो रही है । एमआरएफ सेन्टर से उठ रही दुर्गन्ध से लगभग दो से तीन किलोमीटर में निवासी करने वालेलोग परेशान हैं।
एमआरएफ सेन्टर में एकत्रित कूड़े का समय- समय पर निस्तारण न होने के कारण कचरा सड़ रहा है जिसके कारण उठ रही दुर्गंध से संक्रामक रोग फैलने की ग्रामीणों को आशंका है। सेन्टर से लगातार उठ रही दुर्गंध के कारण ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया और ग्राम हाथवानी में बने एमआरएफ सेन्टर के गेट पर खड़े होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इन लोगों ने मांग किया है कि नगर पंचायत रेणुकूट द्वारा कस्बे से निकल रहे कूड़े कचरे का निस्तारण के लिए बने एमआरएफ सेंटर को गांव के आबादी से दूर कराया जाए जिससे ग्रामीणों को संक्रमण से बचाया जा सके।
इस विरोध प्रदर्शन में अभिषेक कुमार, बैजनाथ, नंदलाल, लल्लू सिंह, राम सुभग, रामवृक्ष, राजेंद्र प्रसाद, सत्यम , रूपनारायण , प्रेमलाल, अजय विश्वकर्मा , राम लल्लू , घनश्याम व सीताराम गांव के लोग शामिल रहे।







