चंदौली जिले के नौगढ़ में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर SBI संजीवनी MMU वैन टीम द्वारा नौगढ़ ब्लॉक के बोडलपुर गांव में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति से भावनात्मक रूप से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में संजीवनी परियोजना के समन्वयक विकास श्रीवास्तव अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे। MMU टीम ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान गांव में 50 से अधिक छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेते हुए अपने घर-आंगन और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाए तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया गया।

संजीवनी परियोजना के समन्वयक विकास श्रीवास्तव ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति भावनात्मक जुड़ाव पैदा करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
इस अवसर पर MMU टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया तथा उन्हें पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।






