राजन
बहनों की आंखे हुई नम,किस कलाई पर बांधेगी राखी
मिर्जापुर(उत्तर प्रदेश)। जनपद में कछवा थाना क्षेत्र के बजहां गांव के पास गंगा नदी के बढ़े जलस्तर मे नहाने गये दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया,वही साथ मे गए एक युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे तो एक युवक ने नदी में कूद कर डूब रहे दोनो युवकों को बाहर निकाला लेकिन तबतक दोनो की सांस साथ छोड़ चुकी थी। इस घटना की सूचना पर एसडीएम और सीओ मौके पर दलबल के साथ पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब दस बजे 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले तीन दोस्त गणेश यादव पुत्र रामसागर यादव 16 वर्ष निवासी प्रेम का पुरा मझवां, प्रीतम यादव पुत्र जितेंद्र यादव 16 वर्ष व विशाल यादव पुत्र राकेश यादव 16 वर्ष निवासी बजहां एक साथ बजरडीहा गांव के सामने गंगा में आए बाढ़ में नहाने गये हुए थे।
गंगा नदी के बढ़े पानी मे गणेश व प्रीतम दोनों हाथ पकड़ कर बाढ़ नहाने के लिए जाने लगे जबकि विशाल किनारे खड़ा रहा। पानी में कुछ दूर जाने पर दोनों नहाने के बाद हाथ पकड़कर वापस लौटने लगे तो किसी एक का पैर फिसल जाने पर दोनों गहरे पानी में चले गये और डूब गये। यह सब घटनाक्रम पानी के बाहर खड़ा विशाल देखता रहा और कुछ समझ ही नहीं पाया।
वही कुछ समय बीत जाने के बाद जब दोनों बाहर नहीं निकले तो विशाल को आभास हुआ और तैरना ना आने के कारण आसपास मदद के लिए चिल्लाने लगा। जिसकी आवाज सुनकर ग्रामीण जुटने लगे। जहां बजहां गांव का ही एक युवक पहुंचा और देर ना करते हुए युवक ने तत्काल पानी में छलांग लगा दिया। जिसे सफलता तो जरूर मिला। दोनों को बाहर निकाला लेकिन काफी देर हो चुकी थी। जहां दोनों की सांसें थम चुकी थी। जिसकी खबर सुनते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित होने लगी। जहां परिजनों को सूचना दिया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। वही सूचना पर पहुंचे कस्बा चौकी प्रभारी पुनीत गुप्ता ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक प्रीतम यादव अपने तीन बड़ी बहनों में इकलौता भाई था। जिसके पिता गुजरात में ट्रक चला कर परिवार का जीवनयापन करते हैं। मृतक गणेश यादव एक बड़ी बहन और दो भाईयों में बड़ा भाई था जिसके पिता मुंबई में आटो चलाकर जीवनयापन करते थे। वही गणेश के पिता शनिवार को मुंबई ट्रेन से बैठकर रविवार को ही अपने घर पहुंचे ही थे कि घटना सुनकर अवाक रह गये।
वही सूचना पर पहुंचे सीओ सदर अमर बहादुर ने परिजनों को सांत्वना देते हुए घटनास्थल का मुआयना किया और तटीय इलाकों के ग्रामीणों से अपील किया कि बाढ़ के पानी से स्वयं दूर रहें और बच्चों को भी दूर रखे सुरक्षित रहें।







