चंदौली जिले के नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर रविवार शाम करीब 5 बजे बटौवा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाघी गांव के 35 वर्षीय राम प्यारे और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई।
बाघी गांव निवासी राम प्यारे और 22 वर्षीय प्रदीप यादव मधुपुर से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर में दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले जाया गया। डॉक्टर सुनील कुमार सिंह ने राम प्यारे को मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार अज्ञात व्यक्ति को ट्रामा सेंटर भेजा गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उस व्यक्ति के हाथ पर ‘मुंशी’ लिखा था। प्रदीप यादव को गंभीर हालत होने से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।


पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। राम प्यारे की मौत से बाघी गांव में शोक का माहौल है। मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीपक गुप्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।







