अलग-अलग घटनाओं में खेत व घर के पास सांप ने डसा, सीएचसी में चल रहा इलाज
म्योरपुर (सोनभद्र)। बभनी और म्योरपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सर्पदंश से तीन महिलाएं अचेत हो गईं। तीनों को म्योरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पहली घटना बभनी के घघरी गांव में मंगलवार सुबह हुई। खेत में सब्जी लेने गई 40 वर्षीय कमला देवी पत्नी राजेन्द्र प्रसाद को सर्प ने पैर में डस लिया। उसे सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है। दूसरी घटना बभनी थाना क्षेत्र के नधिरा गांव में मंगलवार रात हुई। 40 वर्षीय गीता देवी पत्नी रामसजीवन को घर के दरवाजे के पास अंधेरे में कुंडली मारकर बैठे विषैले सर्प ने डस लिया, जिससे वे अचेत हो गईं। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले गए। डॉ. अराधना ने भर्ती कर इलाज शुरू किया। हालत में सुधार न होने पर बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तीसरी घटना म्योरपुर थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव में हुई, जहां मंगलवार रात घर की तरफ आ रही 32 वर्षीय रीना पत्नी सोनू को सर्प ने पैर में डस लिया। उन्हें भी तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा है।






