रंगमंच प्रशिक्षण से छात्रों में बढ़ा आत्मविश्वास, सीख रहे अभिव्यक्ति की कला

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बनवासी सेवा आश्रम के बच्चों को मुंबई के रंगकर्मी अजहर दे रहे नाट्य व भाषण की ट्रेनिंग

म्योरपुर (सोनभद्र)। स्थानीय ब्लॉक के गोविंदपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम संचालित शिक्षा निकेतन और जीवन शाला के छात्रों में अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने के लिए विशेष पहल की जा रही है। राष्ट्रीय रंग मंच मुंबई से जुड़े रंगकर्मी अजहर छात्रों को बोलने, नाटक और भाषण की बारीकियां सिखा रहे हैं। कार्यक्रम के तहत अजहर बच्चों को मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, संवाद अदायगी, हाव-भाव और शारीरिक भाषा के महत्व के बारे में समझा रहे हैं। नाट्य अभ्यास के जरिए बच्चों की झिझक दूर कर उन्हें रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित किया जा रहा है। छात्राएं गीता, परी और साक्षी ने बताया कि कार्यक्रम से पहले वे किसी के सामने अपनी बात रखने में झिझकती थीं, लेकिन अब बेहिचक अपनी बात रख पा रही हैं। इस पहल का सकारात्मक असर दिख रहा है। बच्चे अब खुलकर बात रख रहे हैं और समूह में काम करने की प्रवृत्ति भी विकसित हो रही है। विद्यालय की प्रधानाचार्या इंदु सिंह व शिक्षक विजय, नेहा का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से छात्रों के व्यक्तित्व विकास में मदद मिलेगी और वे भविष्य में बेहतर संप्रेषक बन सकेंगे। आश्रम के सुरेश ने बताया कि आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सके।

Leave a Comment

1491
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?