कुएं पर रखी लकड़ी टूटी, किसान गहरे कुएं में गिरा; मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- बभनी के सहगोडा गांव में हादसा, रातभर कुएं में पड़ा रहा शव; सुबह परिजनों को हुई जानकारी

बभनी (सोनभद्र) । थाना क्षेत्र के सहगोडा गांव में मंगलवार रात दर्दनाक हादसे में 34 वर्षीय किसान की मौत हो गई। खेत से काम करके लौटने के बाद किसान कुएं पर नहाने के लिए पानी भर रहा था। इसी दौरान कुएं पर रखी लकड़ी अचानक टूट गई और वह असंतुलित होकर गहरे कुएं में जा गिरा। रात होने के कारण घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं हो सकी।

मृतक की पहचान शेर सिंह पुत्र रामप्रसाद, निवासी सहगोडा गांव के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगलवार रात खेत से लौटने के बाद वह कुएं पर पानी भरने गया था। इसी दौरान कुएं पर रखी लकड़ी टूट गई और वह सीधे कुएं में जा गिरा। आसपास किसी के मौजूद नहीं होने के कारण रातभर घटना का पता नहीं चल सका।

सुबह टूटी लकड़ी देखकर हुआ हादसे का खुलासा

बुधवार सुबह परिजनों ने कुएं पर पहुंचकर वहां रखी लकड़ी टूटी देखी। किसान के मौके पर नहीं मिलने पर आशंका हुई और कुएं में तलाश की गई। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को कुएं से बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की गई।

परिवार में मचा कोहराम

किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी उर्मिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे की खबर के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा जा रहा है।

बारिश के बीच कुओं से सावधानी जरूरी

क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण कुएं और तालाब पानी से लबालब हैं। ऐसे में ग्रामीणों से कुओं के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। खुले और गहरे कुओं के किनारे अस्थायी लकड़ी या कमजोर सहारे का इस्तेमाल करना जानलेवा साबित हो सकता है।

Leave a Comment

1538
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?