खेत में जहरीले कीड़े के काटने से युवक और वृद्ध की हालत बिगड़ी, CHC में उपचार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले नौगढ़ तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर खेत में कृषि कार्य कर रहे एक युवक और एक वृद्ध को जहरीले कीड़े ने काट लिया। दोनों घटनाओं में परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।

पहली घटना मझगाई गांव की है। गांव निवासी गोरख (32 वर्ष) अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। खेत में पानी भरा होने के कारण उनके पैर पानी में डूबे थे। इसी दौरान किसी जहरीले कीड़े ने उनके पैर में काट लिया। कीड़े के काटते ही पैर में तेज जलन और दर्द होने लगा। गोरख ने पास में खेत में काम कर रहे परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे। वहां मौजूद डॉ. सिद्धार्थ और स्वास्थ्यकर्मी राहुल ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

वहीं दूसरी घटना मलेवर गांव की है। गांव निवासी 70 वर्षीय दुर्गा अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनके पैर में किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। काटने के बाद उन्हें तेज और असहनीय दर्द होने लगा और वह खेत में ही जमीन पर गिर पड़े। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन तत्काल उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉ. सिद्धार्थ और स्वास्थ्यकर्मी राहुल ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

दोनों घटनाओं में परिजनों ने बताया कि खेत में पानी और घास अधिक होने के कारण जहरीले कीड़े की पहचान नहीं हो सकी। इससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि दोनों को किस प्रकार के कीड़े ने काटा था।

डॉ. सिद्धार्थ ने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को जहरीले सांप या किसी जहरीले जीव के काटने की आशंका हो तो समय गंवाए बिना उसे नजदीकी अस्पताल ले जाएं। अस्पताल में समय पर उचित उपचार और आवश्यक एंटी-वेनम उपलब्ध होने पर मरीज की जान बचाने में मदद मिल सकती है।

Leave a Comment

1532
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?