अमित मिश्रा
O- रामगढ़ बाजार में मुलायम अली पर जानलेवा हमला, लूटपाट और हत्या से फैली दहशत
रामगढ़ (सोनभद्र) । पंन्नुगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ बाजार में नशे के कारोबारियों और लूटपाट करने वाले गिरोहों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। हालात यह हैं कि शाम ढलते ही बाजार सूना होने लगता है और दुकानदार मजबूरी में समय से पहले अपनी दुकानें बंद कर रहे हैं।

दुकान बंद कर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला
24 जनवरी की रात करीब 8 बजे रामगढ़ बाजार में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। दुकान बंद कर पीछे खुले स्थान में लघुशंका के लिए गए युवक मुलायम अली पर घात लगाए नशेड़ियों और लुटेरों ने धारदार हथियार से गले पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर युवक की जेब में रखा मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल मुलायम अली को राहगीरों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बाजार और गांवों में दहशत का साया
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से रामगढ़ बाजार सहित आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि अब शाम होते ही दुकानें बंद करनी पड़ती हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नशेड़ियों और लुटेरों के भय से न केवल व्यापारी, बल्कि बहन-बेटियां और स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
लूट के बाद हत्या से उबाल
गौरतलब है कि 28 फरवरी को इसी पंन्नुगंज थाना क्षेत्र में एक अर्धविक्षिप्त युवक से रुपये लूटने के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और चिंता पैदा कर दी है।
रात में गश्त न होने पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंन्नुगंज पुलिस द्वारा रात के समय नियमित गश्त नहीं की जाती, जिससे नशे का अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियां बेखौफ होकर संचालित हो रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो हालात और भयावह हो सकते हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस प्रशासन अपराधियों पर नकेल कस पाएगा, या रामगढ़ बाजार अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बना रहेगा?







