अमित मिश्रा
बीजपुर (सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद के सतर्कता विभाग की ओर से चलाए जा रहे तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान 2025 के अंतर्गत मंगलवार को आदर्श शिक्षा निकेतन, बीजपुर में सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कक्षा 1 से 12 तक के लगभग 550 छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्राचार्य के साथ मिलकर ईमानदारी, पारदर्शिता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का पालन करने की शपथ ली। बच्चों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में सदैव नैतिकता को प्राथमिकता देंगे और समाज में स्वच्छ छवि का निर्माण करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान एनटीपीसी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सतर्कता जागरूकता अभियान की रूपरेखा से भी अवगत कराया। बताया गया कि आने वाले तीन महीनों तक विद्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रतियोगिताएं, गतिविधियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य छात्रों और युवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी के महत्व को गहराई से स्थापित करना है।
अधिकारियों ने कहा कि विद्यालय स्तर से ही यदि बच्चों में सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों की मजबूत नींव रखी जाए, तो भविष्य में एक बेहतर और स्वच्छ समाज का निर्माण संभव है।







